नीति आयोग की बड़ी पहल: स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने हेतु व्यापक रिपोर्ट जारी

नई दिल्ली, 7 मई 2026 — नीति आयोग ने भारत की स्कूली शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘भारत में स्कूली शिक्षा प्रणाली: गुणवत्ता संवर्धन के लिए सामयिक विश्लेषण और नीतिगत रूपरेखा’ विषय पर एक व्यापक रिपोर्ट जारी की है। यह रिपोर्ट नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी और सीईओ निधि छिब्बर द्वारा प्रस्तुत की गई।
रिपोर्ट में पिछले एक दशक के दौरान देश की स्कूली शिक्षा प्रणाली में हुए बदलावों का विस्तृत विश्लेषण किया गया है। वर्तमान में भारत में 14.71 लाख स्कूलों में 24.69 करोड़ से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं, जिससे यह विश्व की सबसे बड़ी स्कूली शिक्षा प्रणाली बन गई है। अध्ययन में शिक्षा तक पहुंच, आधारभूत संरचना, डिजिटल सुविधाएं, समानता, समावेशन और सीखने के परिणामों को प्रमुख आधार बनाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, स्कूलों में बिजली, शौचालय, कंप्यूटर, इंटरनेट और स्मार्ट कक्षाओं जैसी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। लड़कियों, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों के नामांकन में भी वृद्धि हुई है। हालांकि गुणवत्ता सुधार की दिशा में अभी कई चुनौतियां बनी हुई हैं।
नीति आयोग ने रिपोर्ट में 13 प्रमुख नीतिगत सिफारिशें दी हैं, जिनमें शिक्षक विकास, डिजिटल शिक्षा, बुनियादी ढांचा सुधार, व्यावसायिक शिक्षा, समावेशी शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचार शामिल हैं। यह रिपोर्ट देश की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



