भारत-ईयू ने ईवी बैटरी रीसाइक्लिंग के लिए 169 करोड़ रुपये की संयुक्त पहल शुरू की
नई दिल्ली, 6 मई 2026: भारत और यूरोपीय संघ ने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) बैटरियों के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण संयुक्त पहल की घोषणा की है। यह पहल भारत-यूरोपीय संघ व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) के कार्य समूह-2 (हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकी) के अंतर्गत शुरू की गई है।
इस पहल के तहत 5 मई 2026 को तीसरे समन्वित प्रस्ताव आमंत्रण (Call for Proposals) की घोषणा की गई, जिसमें भाग लेने के इच्छुक संगठनों के लिए प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
करीब 15.2 मिलियन यूरो (लगभग 169 करोड़ रुपये) के संयुक्त वित्त पोषण से संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन बैटरियों के प्रभावी पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना, महत्वपूर्ण कच्चे माल की उपलब्धता सुनिश्चित करना और वैश्विक स्तर पर चक्रीय अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी लाना है। इस पहल को होराइजन यूरोप कार्यक्रम के माध्यम से यूरोपीय संघ द्वारा वित्तपोषित किया जाएगा, जबकि भारत में इसका समर्थन भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) करेगा।
इस संयुक्त प्रयास से भारत और यूरोपीय संघ के बीच तकनीकी सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है, साथ ही यह पहल स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।




